उत्तराखंड में लालच और महंगे शौकों का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां कर्ज के बोझ से दबे एक युवक ने जल्दी पैसा कमाने के लालच में चेन स्नेचिंग की वारदात को अंजाम दे डाला। देहरादून के रायपुर क्षेत्र में हुई इस घटना का पुलिस ने 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस ने ई-ग्रोसरी डिलीवरी बॉय को गिरफ्तार किया है, जो डिलीवरी के दौरान अकेले आने-जाने वाली महिलाओं पर नजर रखता था। आरोपी की पहचान सचिन के रूप में हुई है, जो रिंग रोड स्थित एक ई-ग्रोसरी एजेंसी में काम करता था।
पुलिस के अनुसार, 25 जनवरी की सुबह गणेश दत्त बहुगुणा निवासी नथुवावाला ढांग ने थाना रायपुर में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि उनकी माता कुंती देवी अपने रिश्तेदारों के यहां खैरी खादर की ओर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक सवार एक युवक ने शिव मंदिर ढांग से नीचे जाने वाले रास्ते पर अचानक झपट्टा मारकर उनके गले से मंगलसूत्र छीन लिया और फरार हो गया। पीड़ित की तहरीर पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था।
घटना के खुलासे के लिए थाना रायपुर स्तर पर अलग-अलग पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने घटनास्थल और आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली और लगातार कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के भीतर आरोपी को बद्रीश कॉलोनी के पास जंगल क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से छीना गया मंगलसूत्र भी बरामद कर लिया गया है।
थाना रायपुर प्रभारी गिरीश नेगी ने बताया कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने महंगे शौकों को पूरा करने के लिए कई लोगों से कर्ज लिया था। कर्ज चुकाने और जल्दी पैसा कमाने के लालच में उसने चेन स्नेचिंग की योजना बनाई। आरोपी ने बताया कि वह ग्रोसरी की डिलीवरी के दौरान अकेली महिलाओं की रेकी करता था और 25 जनवरी की सुबह काम पर जाते समय उसने नथुवावाला ढांग क्षेत्र में एक बुजुर्ग महिला को अकेले जाते देखा, जिसके बाद उसने वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के मुताबिक आरोपी छीने गए मंगलसूत्र को बेचने की फिराक में था, लेकिन उससे पहले ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


