उत्तराखंड में एक सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक सप्ताह से लापता अधेड़ का शव जंगल में पड़ा मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, चंपावत जिले के टनकपुर क्षेत्र में खटीमा रेंज के सालवनी जंगल में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ। शव कई दिन पुराना बताया जा रहा है। जंगल में शव मिलने की सूचना से आसपास के क्षेत्र में हड़कंप मच गया। इसके बाद पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की।
मृतक की पहचान वेदपाल (45) पुत्र सोहनलाल, निवासी बंगाली कॉलोनी टनकपुर के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वेदपाल 18 अक्टूबर से लापता थे। परिजनों की ओर से 20 अक्टूबर को पुलिस में उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। इसके बाद से उनकी तलाश की जा रही थी।
अब उनका शव जंगल में मिलने से मामले ने गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।



