उत्तराखंड में मौसम का मिजाज बदलने के आसार हैं। बंगाल की खाड़ी में सक्रिय चक्रवाती तूफान ‘अर्नब’ और उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ रहे पश्चिमी विक्षोभ के चलते प्रदेश में बारिश की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 29 अक्टूबर से 1 नवंबर के बीच प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। वहीं, शुक्रवार को कुछ स्थानों पर भारी वर्षा होने की भी संभावना है।
मौसम विभाग के मुताबिक, चक्रवात ‘अर्नब’ के बुधवार सुबह आंध्र प्रदेश के तट पर पहुंचने का अनुमान है। इसके साथ ही मंगलवार रात से नया पश्चिमी विक्षोभ उत्तर-पश्चिम भारत को प्रभावित कर सकता है। इन मौसमी परिस्थितियों के चलते उत्तराखंड के मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग ने 29 और 30 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ हिस्सों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। इस दौरान हवा के झोंकों की गति 50 किलोमीटर प्रति घंटे तक पहुंच सकती है। हालांकि, उत्तराखंड में संभावित बारिश को केवल चक्रवात का सीधा प्रभाव नहीं माना जा सकता। इसमें स्थानीय मौसमी परिस्थितियों और पश्चिमी विक्षोभ की भूमिका भी अहम हो सकती है।
प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है और तापमान सामान्य के आसपास दर्ज किया जा रहा है। पर्वतीय क्षेत्रों में कुछ स्थानों पर आंशिक बादल छाए हुए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मंगलवार को सभी जिलों में मौसम शुष्क रहने की संभावना है, जबकि बुधवार से कुछ क्षेत्रों में मौसम बदल सकता है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इन जिलों में 3500 मीटर या उससे अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में हल्की बर्फबारी के भी आसार हैं। वहीं, प्रदेश के अन्य जिलों में बुधवार को मौसम शुष्क रहने की संभावना जताई गई है।



