उत्तराखंड में बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर मोहब्बेवाला के पास यूरिया से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर आई-20 कार के ऊपर पलट गया। ट्रक के नीचे कार पूरी तरह दब गई, जिससे उसमें सवार लोग बुरी तरह फंस गए। हादसे में एक महिला समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि एक छह वर्षीय बच्चा घायल हुआ है।
जानकारी के अनुसार, सहारनपुर निवासी कपूर परिवार सहारनपुर से देहरादून आ रहा था। परिवार का देहरादून में भी घर है। मोहब्बेवाला के पास पहुंचते ही यूरिया से भरा ट्रक अनियंत्रित होकर उनकी कार पर पलट गया। हादसे में मिश्रेष कपूर (38), उनकी पत्नी निशा आनंद कपूर (38), मां किरण कपूर (63) और कार चालक नीरज की मौत हो गई। वहीं, छह वर्षीय पुत्र माहेर कपूर घायल हो गया, जिसे सकुशल बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया।
कटर से काटकर निकाले गए शव
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचे। कार ट्रक के नीचे बुरी तरह दब जाने के कारण उसमें फंसे लोगों को निकालने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। बचाव दल ने कटर की मदद से कार को काटकर शवों को बाहर निकाला। ट्रक में यूरिया के कट्टे भरे हुए थे। भारी ट्रक को हटाने के लिए क्रेन की मदद ली गई, लेकिन शुरुआती प्रयासों में क्रेन भी ट्रक को हिला नहीं सकी।
एक्सप्रेसवे पर कई किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के कारण देहरादून-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर कई किलोमीटर तक वाहनों की कतारें लग गईं। एक लेन पर जाम डाट काली मंदिर तक पहुंच गया। मौके पर भारी भीड़ जुटने से भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हुई। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात सुचारू कराने की कार्रवाई की। ट्रक से यूरिया के कट्टे हटाने और दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को सड़क से हटाने के बाद यातायात सामान्य कराया गया।
मोहब्बेवाला क्षेत्र में हुए इस दर्दनाक हादसे से इलाके में शोक की लहर है। एक ही परिवार के तीन सदस्यों और चालक की मौत ने सभी को झकझोर दिया है। घायल बच्चे का उपचार किया जा रहा है।



