उत्तराखंड के कुमाऊं मंडल में भ्रष्टाचार के खिलाफ सतर्कता अधिष्ठान ने बड़ी कार्रवाई करते हुए धारी तहसील के एक पटवारी को 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया है। आरोप है कि पटवारी ने भूमि की नापजोख कराने के एवज में शिकायतकर्ता से रिश्वत की मांग की थी।
जानकारी के अनुसार ग्राम मौड़ा, तहसील धारी निवासी एक व्यक्ति अपनी भूमि की नाप कराने के लिए पटवारी निर्मल बोरा के संपर्क में आया था। आरोप है कि पटवारी ने नापजोख के बदले उससे पैसों की मांग की। शिकायतकर्ता ने इसकी शिकायत सतर्कता अधिष्ठान की टोल फ्री हेल्पलाइन 1064 पर की। शिकायत की जांच में आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए जाने के बाद थाना सतर्कता अधिष्ठान सेक्टर नैनीताल-हल्द्वानी में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
इसके बाद पुलिस अधीक्षक सतर्कता अधिष्ठान के निर्देश पर निरीक्षक के नेतृत्व में ट्रैप टीम गठित की गई। शनिवार को सतर्कता अधिष्ठान हल्द्वानी की टीम ने तहसील धारी में कार्रवाई करते हुए पटवारी निर्मल बोरा को शिकायतकर्ता से 30 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद आरोपी पटवारी को हल्द्वानी लाया गया, जहां उसके खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है। निदेशक सतर्कता डॉ. वी. मुरूगेशन ने कार्रवाई करने वाली ट्रैप टीम की सराहना करते हुए टीम को नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है। सतर्कता अधिष्ठान ने आम लोगों से भ्रष्टाचार से संबंधित शिकायतों के लिए हेल्पलाइन 1064 का इस्तेमाल करने की अपील की है।


