हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा एवं सुशासन के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर बुधवार को शहीद पार्क स्थित ठंडी सड़क पर कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सांसद अजय भट्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष सेवा, सुशासन और राष्ट्र निर्माण के प्रति समर्पण के प्रतीक हैं। इस दौरान प्रधानमंत्री के संदेश का सीधा प्रसारण किया गया, जिसे बड़ी संख्या में महिलाओं, स्कूली छात्र-छात्राओं और नागरिकों ने सुना।
सांसद अजय भट्ट ने कहा कि नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में संवैधानिक पद की शपथ ली थी। मुख्यमंत्री के रूप में करीब 13 वर्ष और मई 2014 से प्रधानमंत्री के रूप में लगातार सेवा करते हुए उन्होंने सार्वजनिक जीवन के 25 वर्ष पूरे किए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सुशासन, पारदर्शिता और जनकल्याणकारी योजनाओं के माध्यम से विकास को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने जन-धन योजना, उज्ज्वला योजना, आयुष्मान भारत, स्वच्छ भारत मिशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, डिजिटल इंडिया, मेक इन इंडिया, किसान सम्मान निधि और गरीब कल्याण अन्न योजना का उल्लेख करते हुए कहा कि इन योजनाओं से विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। उन्होंने कहा कि ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के मंत्र के साथ देश को विकसित भारत के संकल्प की दिशा में आगे बढ़ाया जा रहा है।
कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके बाद प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में मशाल जुलूस के साथ रथ यात्रा निकाली गई। सांसद अजय भट्ट और अन्य गणमान्य लोगों ने रथ यात्रा का शुभारंभ किया। यात्रा शहीद चौक, ठंडी सड़क से शुरू होकर नगर निगम के सेवा ज्योति पार्क तक पहुंची। मशाल सेवा ज्योति यात्रा में अंतरराष्ट्रीय धावक सुरेश पाण्डे और राष्ट्रीय धाविका ममता पाठक ने भी प्रतिभाग किया।
सांसद अजय भट्ट ने बताया कि नगर निगम पार्क का नाम अब ‘सेवा ज्योति यात्रा पार्क’ किया जाएगा। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने प्रधानमंत्री के जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने पर शुभकामनाएं देते हुए देश को आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प को दोहराया। साथ ही प्रधानमंत्री के स्वस्थ एवं दीर्घायु जीवन की कामना की।
कार्यक्रम में विधायक बंशीधर भगत, मेयर गजराज बिष्ट, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, दर्जामंत्री सुरेश भट्ट, दीपक मेहरा, देवेंद्र ढैला, शांति मेहरा, डॉ. अनिल कपूर डब्बू, मोहन पाठक, भावना मेहरा, कौस्तुभानंद जोशी, प्रदीप जनोटी, पूर्व मेयर डॉ. जोगेंद्र पाल सिंह रौतेला, रंजन बर्गली, विनीत अग्रवाल, जिला सह प्रभारी रनदीप पोखरिया, कार्यक्रम संयोजक नवीन भट्ट, सह संयोजक कमल रावत समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। प्रशासन की ओर से मुख्य विकास अधिकारी अरविंद पांडे, सिटी मजिस्ट्रेट एपी बाजपेयी, बाल विकास अधिकारी अनुलेखा बिष्ट, एपीडी चंद्रा फर्त्याल और बीडीओ तनवीर असगर समेत अधिकारी उपस्थित रहे।



