उत्तराखंड में अवैध अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन का अभियान लगातार जारी है। इसी क्रम में देहरादून के चकतुनवाला क्षेत्र में जिला प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सरकारी भूमि पर किए गए कब्जे को हटाया। नगर निगम की सड़क पर एक प्रॉपर्टी डीलर द्वारा बनाई गई अवैध दीवार को ध्वस्त कर पूरी तरह मार्ग को खाली करा दिया गया, जिससे स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली।
इस मामले की शिकायत सामने आने पर जिलाधिकारी सविन बंसल ने तुरंत संज्ञान लेते हुए जांच के आदेश दिए थे। जांच में स्पष्ट हुआ कि सड़क पर अनधिकृत रूप से दीवार खड़ी कर आम रास्ते को बाधित किया गया था। इसके बाद प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई का निर्णय लिया।
निर्धारित योजना के अनुसार राजस्व विभाग, नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम भारी मशीनरी के साथ मौके पर पहुंची और अवैध निर्माण को हटाया। इस दौरान प्रशासन की सख्ती साफ दिखाई दी और कार्रवाई शांतिपूर्वक पूरी की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि सार्वजनिक भूमि पर किसी भी तरह का अतिक्रमण स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने यह भी बताया कि इस तरह के अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे। साथ ही अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि समन्वय के साथ नियमित रूप से कार्रवाई कर अतिक्रमण पर रोक लगाई जाए, ताकि आम जनता को किसी प्रकार की असुविधा न हो।


