हल्द्वानी। नैनीताल जिले में घरेलू गैस उपभोक्ताओं के लिए ई-केवाईसी नहीं कराना भारी पड़ रहा है। इंडेन और भारत गैस के कुल 25,878 उपभोक्ताओं के कनेक्शन ब्लॉक कर दिए गए हैं। इन उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी पूरी करने के बाद ही गैस सिलिंडर मिल सकेगा। ऐसे में जिन लोगों ने अभी तक अपनी ई-केवाईसी नहीं कराई है, उन्हें जल्द यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
आंकड़ों के अनुसार, जिले में इंडेन गैस के करीब 1,98,788 घरेलू उपभोक्ता हैं, जिनमें से 19,878 ने अब तक ई-केवाईसी नहीं कराई है। वहीं, भारत गैस के करीब 40 हजार घरेलू उपभोक्ताओं में से छह हजार की केवाईसी लंबित है। दोनों कंपनियों के इन उपभोक्ताओं के कनेक्शन ई-केवाईसी पूरी नहीं होने के कारण ब्लॉक किए गए हैं। यह नियम 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर कनेक्शन पर लागू है।
उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के लिए गैस एजेंसी जाने से पहले अपने कनेक्शन से आधार लिंक होने की स्थिति जांच लेनी चाहिए। जिन उपभोक्ताओं का आधार गैस कनेक्शन से जुड़ा है, वे सिलिंडर की होम डिलीवरी करने वाले वाहन चालक के माध्यम से भी ई-केवाईसी करा सकते हैं। वहीं, जिनका आधार लिंक नहीं है, उन्हें संबंधित गैस एजेंसी में जाकर समस्या का समाधान कराना होगा।
केएमवीएन के गैस प्रबंधक रवि मेहरा ने बताया कि 14.2 किलोग्राम वाले घरेलू गैस सिलिंडर के उपभोक्ताओं को ई-केवाईसी कराने के बाद ही सिलिंडर उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से समय पर प्रक्रिया पूरी करने की अपील की। भारत गैस एजेंसी हल्द्वानी की किरन बोरा ने बताया कि एजेंसी के करीब छह हजार घरेलू उपभोक्ताओं की ई-केवाईसी लंबित है। ऐसे उपभोक्ताओं को केवाईसी पूरी होने तक सिलिंडर नहीं दिया जाएगा।



