उत्तराखंड से राज्यसभा की रिक्त होने जा रही सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने नामांकन के अंतिम दिन अपना नामांकन पत्र दाखिल कर दिया। नामांकन के दौरान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष तीरथ सिंह रावत, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट के साथ ही प्रदेश सरकार के मंत्री और भाजपा विधायक मौजूद रहे।
नामांकन के बाद मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दिनेश आर्य को प्रत्याशी बनाए जाने को लेकर पार्टी की नीति पर बात रखी। उन्होंने कहा कि भाजपा ने एक सामान्य कार्यकर्ता को राज्यसभा उम्मीदवार बनाया है। पार्टी में कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने का अवसर मिलता है और समाज के सभी वर्गों को प्रतिनिधित्व देने का प्रयास किया जाता है। उन्होंने कहा कि राज्यसभा उम्मीदवार के चयन में भी भाजपा की यही सोच नजर आती है।
मुख्यमंत्री धामी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए उसकी राजनीति को जाति आधारित बताया। उन्होंने कहा कि भाजपा सभी वर्गों को साथ लेकर आगे बढ़ने की राजनीति करती है, जबकि कांग्रेस जातिवाद के सहारे राजनीति करने का प्रयास करती है।
उधर, निर्वाचन अधिकारी हेम पंत ने बताया कि नामांकन के अंतिम दिन तक कुल तीन नामांकन पत्रों की बिक्री हुई है। हालांकि, इनमें से अब तक केवल भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने ही अपना नामांकन दाखिल किया है। नामांकन प्रक्रिया पूरी होने के बाद चुनाव से जुड़ी आगे की औपचारिकताएं पूरी की जाएंगी।



