उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को मजबूत करने के साथ पार्टी ने सोशल मीडिया विभाग में भी नई नियुक्तियां की हैं। कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग में नवनियुक्त पदाधिकारियों की नियुक्तियों को तत्काल प्रभाव से मंजूरी दे दी है।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के माध्यम से नई नियुक्तियों की जानकारी साझा की। इसके तहत अभिनव थापर को प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सोशल मीडिया विभाग का चेयरपर्सन नियुक्त किया गया है। वहीं भारत शर्मा और हर्षित सिंह बिष्ट को को-चेयरपर्सन की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इसके अलावा मधुसूदन सुंदरीयाळ, रोहित भट्ट, दिनेश चंद्र टम्टा और जसवीर कौर को कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया गया है। पार्टी के अनुसार नई टीम आगामी विधानसभा चुनाव में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। सोशल मीडिया के माध्यम से कांग्रेस की नीतियों, कार्यक्रमों और जनसरोकारों से जुड़े मुद्दों को जनता तक पहुंचाने की जिम्मेदारी टीम की होगी।
भाजपा से नरेटिव वॉर में अहम भूमिका
कांग्रेस की नई सोशल मीडिया टीम भाजपा के साथ राजनीतिक मुद्दों पर चलने वाले नरेटिव वॉर में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। पार्टी का फोकस सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफॉर्म के जरिए अपने पक्ष को प्रभावी तरीके से जनता तक पहुंचाने और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर रहेगा।
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई और शुभकामनाएं दीं। उन्होंने उम्मीद जताई कि नई टीम सोशल मीडिया विभाग को और अधिक मजबूत बनाएगी तथा जनसरोकारों की आवाज को प्रभावी एवं व्यापक स्तर पर जनता तक पहुंचाने का काम करेगी।
मीडिया विभाग में भी हो चुकी हैं नियुक्तियां
इससे पहले कांग्रेस ने मीडिया से जुड़े कार्यों को अधिक प्रभावी और व्यवस्थित बनाने के लिए भी नियुक्तियां की थीं। इसके तहत पंखुड़ी पाठक को नेशनल मीडिया कोऑर्डिनेटर बनाया गया था। वहीं प्रकाश मीणा, अरुण अग्रवाल, रितु चौधरी और आदित्य गर्ग को कोऑर्डिनेटर की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
कांग्रेस की ओर से लगातार किए जा रहे संगठनात्मक बदलावों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी अब मीडिया और सोशल मीडिया दोनों मोर्चों पर अपनी रणनीति को मजबूत करने में जुटी है।


