उत्तराखंड पुलिस विभाग में एक बार फिर पदोन्नति का दौर देखने को मिला। नैनीताल पुलिस लाइन में आयोजित ‘पीपिंग सेरेमनी’ के दौरान जनपद में तैनात सीओ हल्द्वानी अमित कुमार सैनी को अपर पुलिस अधीक्षक (एएसपी) और उपनिरीक्षक सुनील बिष्ट को निरीक्षक (इंस्पेक्टर) पद पर पदोन्नत किया गया।
इस अवसर पर वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. ने दोनों अधिकारियों के कंधों पर नए पद के सितारे सजाकर उन्हें शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि दोनों अधिकारियों ने अपने सेवाकाल में कर्तव्यनिष्ठा और उत्कृष्ट कार्यशैली का परिचय दिया है। उम्मीद है कि नई जिम्मेदारियों के साथ वे पुलिस सेवा और जनसुरक्षा के क्षेत्र में बेहतर कार्य करेंगे।
अमित कुमार सैनी वर्ष 2017 बैच के पीपीएस अधिकारी हैं। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने ऊधम सिंह नगर में सीओ रुद्रपुर, पंतनगर और काशीपुर के अलावा चमोली जिले में कर्णप्रयाग और चमोली के क्षेत्राधिकारी के रूप में सेवाएं दी हैं। वर्तमान में नैनीताल जनपद में भवाली, लालकुआं, रामनगर और हल्द्वानी जैसे महत्वपूर्ण सर्किलों में अपनी जिम्मेदारियां निभा चुके हैं। उत्कृष्ट सेवाओं के लिए उन्हें दो बार सराहनीय सेवा सम्मान भी मिल चुका है।
वहीं, सुनील बिष्ट को उपनिरीक्षक से पदोन्नत कर निरीक्षक बनाया गया है। उन्होंने नैनीताल से पहले ऊधम सिंह नगर और अल्मोड़ा जिले के विभिन्न थानों में तैनाती के दौरान अपनी कार्यकुशलता और कर्तव्यनिष्ठा का परिचय दिया है।
पुलिस लाइन नैनीताल में आयोजित समारोह में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, एसपी दूरसंचार रेवाधर मठपाल, सीओ नैनीताल अंजना नेगी, सीओ (यूटी) अंकित थपलियाल, सीओ (यूटी) विनय सिंह, प्रतिसार निरीक्षक हरकेश सिंह सहित कई पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने पदोन्नत अधिकारियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।


