नैनीताल जिले में मानव–वन्यजीव संघर्ष की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाए हैं। जिला मजिस्ट्रेट ललित मोहन रयाल ने जानकारी दी कि भीमताल विकासखंड के ज्योली और भदयूनी सहित आसपास के कई गांवों में आदमखोर वन्यजीव की सक्रियता की खबरें मिल रही हैं। इन क्षेत्रों के बच्चों को स्कूल और आंगनबाड़ी केंद्रों तक पहुंचने के लिए सुनसान रास्तों और जंगलों से गुजरना पड़ता है, जिससे उनकी सुरक्षा पर गंभीर खतरा बना हुआ है।
बच्चों की सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए प्रशासन ने अस्थायी रूप से शैक्षणिक गतिविधियों को रोकने का निर्णय लिया है। आदेश के अनुसार, 25 अप्रैल 2026 (शनिवार) और 27 अप्रैल 2026 (सोमवार) को भीमताल क्षेत्र के कई गांवों में स्थित सभी सरकारी, गैर-सरकारी, सहायता प्राप्त और निजी विद्यालयों (कक्षा 1 से 12 तक) तथा आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया गया है।
यह आदेश छात्रों, आंगनबाड़ी में पढ़ने वाले बच्चों, शिक्षकों और कर्मचारियों पर लागू होगा। हालांकि, जनगणना कार्य में लगे अधिकारी और कर्मचारी अपनी ड्यूटी जारी रखेंगे।
जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश दिए हैं कि इस अवधि में किसी भी बच्चे को स्कूल या आंगनबाड़ी केंद्र न बुलाया जाए। साथ ही वन विभाग, पुलिस और आपदा प्रबंधन विभाग के साथ मिलकर स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी। अधिकारियों को आदेश का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं और किसी भी प्रकार की लापरवाही को गंभीरता से लिया जाएगा।


