प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उत्तराखंड दौरे के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव किया गया है। 4 अप्रैल को प्रस्तावित उनका दौरा फिलहाल स्थगित कर दिया गया है और इसे कुछ दिनों के लिए आगे बढ़ा दिया गया है।
इस दौरे के दौरान प्रधानमंत्री को देहरादून–दिल्ली एलिवेटेड रोड का उद्घाटन करना था, साथ ही पंतनगर एयरपोर्ट के विस्तार कार्य का शिलान्यास समेत कई विकास परियोजनाओं की शुरुआत भी तय थी। इसके अलावा देहरादून में एक विशाल जनसभा आयोजित करने की भी योजना बनाई गई थी, जिसकी तैयारियां गढ़ीकैंट मैदान में शुरू हो चुकी थीं।
सूत्रों के अनुसार, चुनावी राज्यों में व्यस्तता के चलते यह दौरा टालने का निर्णय लिया गया है। अब संभावना है कि प्रधानमंत्री अप्रैल के ही किसी अन्य दिन उत्तराखंड का दौरा करेंगे और प्रस्तावित कार्यक्रमों में शामिल होंगे।


