उत्तराखंड में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की दस्तक अब करीब है। मौसम विभाग ने अगले 48 घंटे के भीतर प्रदेश के कुछ हिस्सों में मॉनसून के प्रवेश की संभावना जताते हुए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। संभावित खराब मौसम को देखते हुए प्रशासन ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक डॉ. सीएस तोमर के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून की उत्तरी सीमा तेजी से आगे बढ़ रही है और अगले दो दिनों में उत्तराखंड में इसके प्रवेश के लिए परिस्थितियां अनुकूल बन रही हैं।
मौसम विभाग के मुताबिक मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं पौड़ी, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश हो सकती है। पर्वतीय क्षेत्रों में आकाशीय बिजली चमकने, तेज बारिश और 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की भी चेतावनी जारी की गई है।
भारी बारिश की आशंका को देखते हुए प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। गढ़वाल आयुक्त ने सभी जिलाधिकारियों को 2 जुलाई को आपदा प्रबंधन की तैयारियों की समीक्षा के लिए मॉक ड्रिल आयोजित करने के निर्देश दिए हैं, ताकि किसी भी आपात स्थिति से प्रभावी ढंग से निपटा जा सके।


