दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस-वे पर सड़क धंसने की घटना के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने सख्त कार्रवाई की है। NHAI ने इस मामले में टीम लीडर और प्रोजेक्ट मैनेजर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। वहीं, निर्माण कार्य से जुड़ी सीपीसी (CPC) कंपनी को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा गया है।
यह घटना गुरुवार को मेरठ-करनाल हाईवे पर खेड़ा मस्तान गांव के पास हुई थी, जहां बारिश के कारण सड़क का हिस्सा बीच से धंस गया। इस दौरान वहां से गुजर रही एक कार गड्ढे में फंसकर क्षतिग्रस्त हो गई। घटना का वीडियो पीड़ित ने सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद NHAI ने तुरंत संज्ञान लिया और मौके पर मरम्मत कार्य शुरू कराया। इसके बाद सड़क को यातायात के लिए फिर से खोल दिया गया है। हालांकि, जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने का काम अभी भी जारी है, जिसके लिए अस्थायी नाली बनाई गई है।
NHAI ने कार्रवाई करते हुए कुलदीप राजदान (टीम लीडर) और नागेंद्र पाल सिंह (प्रोजेक्ट मैनेजर) को सस्पेंड कर दिया है। साथ ही चैतन्य प्रोजेक्ट्स कंसल्टेंसी (CPC) प्राइवेट लिमिटेड से जवाब तलब किया गया है। NHAI के प्रोजेक्ट डायरेक्टर नरेंद्र सिंह ने बताया कि मामले की जांच जारी है और दोषियों पर आगे भी कार्रवाई की जाएगी।


