उत्तराखंड में एक बार फिर प्रशासन ने लापरवाही के मामले में सख्त कदम उठाया है। लगातार अनुपस्थित रहने के आरोप में एक ग्राम विकास अधिकारी (वीडीओ) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। इस कार्रवाई के बाद विभागीय स्तर पर हड़कंप की स्थिति बनी हुई है।
यह मामला पौड़ी गढ़वाल जिले का है। जिला विकास अधिकारी पौड़ी, मनविंदर कौर द्वारा जारी आदेश में संबंधित ग्राम विकास अधिकारी को निलंबित करते हुए उन्हें खिर्सू ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध किया गया है।
जानकारी के अनुसार, रिखणीखाल ब्लॉक के खंड विकास अधिकारी ने उच्चाधिकारियों को पत्र भेजकर बताया था कि संबंधित अधिकारी लंबे समय से बिना किसी पूर्व सूचना के अपने कार्यस्थल से अनुपस्थित चल रहे थे। इसके अलावा, उन्हें संबद्ध किए जाने के बावजूद भी वे ब्लॉक मुख्यालय पर उपस्थित नहीं हो रहे थे।
मामले में यह भी सामने आया कि संबंधित अधिकारी को जनवरी, मार्च, जून, अगस्त, सितंबर, अक्तूबर 2025 तथा जनवरी, फरवरी और मार्च 2026 के दौरान कई बार नोटिस जारी किए गए थे। इन नोटिसों में उनसे अनुपस्थिति का कारण स्पष्ट करने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने किसी का भी जवाब नहीं दिया।
प्रशासन का कहना है कि लगातार अनुपस्थिति के कारण क्षेत्र में विकास कार्य प्रभावित हो रहे थे। इसी आधार पर खंड विकास अधिकारी ने उनके खिलाफ कार्रवाई की संस्तुति की थी।
जिला विकास अधिकारी मनविंदर कौर ने पुष्टि की कि ग्राम विकास अधिकारी सुशील थपलियाल को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है और उन्हें खिर्सू ब्लॉक कार्यालय से संबद्ध किया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच बीडीओ पौड़ी को सौंपी गई है।


