उत्तराखंड के प्रसिद्ध बदरीनाथ धाम में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। धाम और आसपास के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने से पूरा इलाका बर्फ की सफेद चादर से ढक गया है। बर्फबारी के बाद पहाड़ों का नजारा बेहद खूबसूरत हो गया है, वहीं तापमान में गिरावट आने से ठंड का असर भी बढ़ गया है।
धाम में सर्द हवाओं के साथ बढ़ी ठिठुरन ने लोगों को ठंड का एहसास करा दिया है। चोटियों पर जमी बर्फ और आसपास के सफेद पहाड़ों ने बदरीनाथ की खूबसूरती में चार चांद लगा दिए हैं। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में ठंड का प्रभाव अधिक महसूस किया जा रहा है।
वहीं, मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार प्रदेश में आने वाले दिनों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। सोमवार को कुछ पर्वतीय इलाकों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है। इसके बाद तीन से सात नवंबर तक प्रदेशभर में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है।
इससे पहले दो नवंबर को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, बागेश्वर, चमोली और पिथौरागढ़ जिले के कुछ क्षेत्रों में हल्की बारिश हो सकती है। इसके अलावा 3400 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
दीपावली से पहले मौसम में आने वाले बदलाव के बाद प्रदेश के पहाड़ी और मैदानी इलाकों में तापमान बढ़ने के आसार हैं। ऐसे में आने वाले दिनों में लोगों को ठंड से कुछ राहत मिल सकती है।



