उत्तराखंड पुलिस महकमे में एक बार फिर बड़ी कार्रवाई देखने को मिली है। जंतर-मंतर प्रकरण और निलंबित पुलिसकर्मी शेर सिंह के समर्थन में सोशल मीडिया पर वीडियो साझा करने वाले एक पुलिसकर्मी को निलंबित कर दिया गया है। वायरल वीडियो के आधार पर विभाग ने तत्काल अनुशासनात्मक कार्रवाई करते हुए उसे सस्पेंड कर दिया।
जानकारी के अनुसार, वीडियो में पुलिसकर्मी अपना नाम अमित कुमार बता रहा है। वह वर्तमान में पिथौरागढ़ पुलिस लाइन में तैनात है और इन दिनों हरिद्वार में कांवड़ यात्रा ड्यूटी पर भेजा गया है। वीडियो में उसने 20 जुलाई को दिल्ली के जंतर-मंतर पर हुए कथित घटनाक्रम का जिक्र करते हुए शेर सिंह के समर्थन में अपनी बात रखी है।
वीडियो में अमित कुमार ने शेर सिंह पर लगाए गए आरोपों पर सवाल उठाए हैं। साथ ही उत्तराखंड पुलिस कर्मियों के लिए **4600 ग्रेड पे** लागू करने की मांग दोहराई है। वीडियो में वह नौकरी से इस्तीफा देने की बात भी कहता सुनाई देता है।
पुलिस की वर्दी पहनकर रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो के सोशल मीडिया पर वायरल होते ही विभाग हरकत में आ गया। मामले को अनुशासनहीनता मानते हुए पुलिसकर्मी को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया। फिलहाल मामले में विभागीय कार्रवाई आगे बढ़ाई जा रही है।


