उत्तराखंड में 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। चुनाव से पहले प्रदेश में जनाधार मजबूत करने के लिए पार्टी के राष्ट्रीय नेताओं की जनसभाएं आयोजित करने की तैयारी है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी पिथौरागढ़ जिले के धारचूला में जनसभा को संबोधित कर सकते हैं, जबकि राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा की पौड़ी जिले में सभा प्रस्तावित है। दोनों कार्यक्रमों की तारीख एक नवंबर को दिल्ली में होने वाली बैठक में तय की जाएगी।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल के अनुसार, राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ बैठक में जनसभाओं के कार्यक्रम और अन्य चुनावी गतिविधियों पर चर्चा होगी। संभावना है कि दिवाली के बाद राहुल गांधी और प्रियंका गांधी उत्तराखंड का दौरा करेंगे। पार्टी इन सभाओं के माध्यम से आगामी विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक माहौल तैयार करने और संगठन को सक्रिय करने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
प्रस्तावित जनसभाओं में प्रदेश के प्रमुख मुद्दे उठाए जाने की संभावना है। पार्टी नेताओं के मुताबिक, अंकिता हत्याकांड, बेरोजगारी, पलायन, भूमि संबंधी मामलों और मूल निवास जैसे विषयों पर कांग्रेस अपनी बात रख सकती है। सीमांत क्षेत्र धारचूला में राहुल गांधी की सभा और पौड़ी में प्रियंका गांधी के कार्यक्रम को पर्वतीय क्षेत्रों में पार्टी की पहुंच बढ़ाने की रणनीति का हिस्सा माना जा रहा है। हालांकि, दोनों नेताओं के कार्यक्रमों की अंतिम तारीख राष्ट्रीय नेतृत्व की बैठक के बाद ही स्पष्ट होगी।



