उत्तराखंड में छात्रसंघ चुनाव संपन्न होने के बाद एनएसयूआई ने संगठन के भीतर बड़ी कार्रवाई की है। छात्र संगठन ने चमोली के जिला अध्यक्ष विपिन फर्स्वाण समेत पांच विश्वविद्यालय प्रतिनिधियों को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में तत्काल प्रभाव से निष्कासित कर दिया है।
एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष विकास नेगी की ओर से जारी निष्कासन पत्र में आरोप लगाया गया है कि चमोली जिला अध्यक्ष विपिन फर्स्वाण ने छात्रसंघ चुनाव के दौरान संगठन के निर्देशों के खिलाफ काम किया और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) के पक्ष में मतदान करवाया। संगठन ने इसे अनुशासनहीनता मानते हुए उन्हें पद से निष्कासित कर दिया है।
इसके अलावा संगठन ने पांच अधिकृत प्रत्याशियों पर भी कार्रवाई की है। इनमें गोपेश्वर से विश्वविद्यालय प्रतिनिधि ललित सिंह, कर्णप्रयाग से विशाल, जोशीमठ से सुमित सिंह, नारायणबगड़ से गौरव और नंदानगर घाट से अजय सिंह शामिल हैं। इन सभी को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में निष्कासित किया गया है।
वहीं, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने छात्रसंघ चुनाव में एनएसयूआई के प्रदर्शन पर संतोष जताया है। हालांकि उन्होंने डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ अध्यक्ष पद पर जीत को लेकर सरकार पर निशाना साधा। गोदियाल ने आरोप लगाया कि सरकार ने पुलिस और प्रशासन के दम पर चुनाव जीता है। उन्होंने चुनाव में वोटों की कथित धांधली का आरोप भी लगाया।


