उत्तराखंड में वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दलों ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी बीच लोहाघाट में कांग्रेस प्रदेश प्रभारी कुमारी सैलजा की जनसभा में पार्टी की अंदरूनी गुटबाजी खुलकर सामने आ गई। मंच पर सम्मान नहीं मिलने और भाषण का अवसर न दिए जाने से नाराज वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मुन्ना ढेक के समर्थकों ने विरोध जताया। कार्यक्रम समाप्त होते ही मुन्ना ढेक और विधायक खुशाल सिंह अधिकारी के समर्थकों के बीच प्रदेश प्रभारी और अन्य वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में तीखी नोकझोंक हो गई।
बताया जा रहा है कि जनसभा को सफल बनाने के लिए मुन्ना ढेक अपने समर्थकों और बड़ी संख्या में लोगों के साथ पहुंचे थे। उनके समर्थकों का आरोप है कि मुन्ना ढेक को मंच से संबोधन का अवसर नहीं दिया गया। इतना ही नहीं, उन्हें किसी नेता को सम्मानित करने का मौका भी नहीं मिला। इसी बात को लेकर समर्थकों में नाराजगी बढ़ गई।
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद दोनों पक्षों के समर्थक आमने-सामने आ गए और काफी देर तक माहौल गरमाया रहा। स्थिति बिगड़ने पर विधायक खुशाल सिंह अधिकारी को किसी तरह वहां से निकलना पड़ा। चुनाव से पहले हुई इस घटना ने कांग्रेस की अंदरूनी खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया है।



