उत्तराखंड से बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। हरिद्वार जिले के धनौरी स्थित अमृत लॉ कॉलेज में सोमवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कॉलेज परिसर में बने शौचालय का एक हिस्सा अचानक भरभराकर ढह गया। हादसे के समय शौचालय के अंदर मौजूद पीएसी का जवान आदिल मलबे में दब गया।
हादसे की सूचना मिलते ही एसपी देहात अभय प्रताप सिंह और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक कमल मोहन भंडारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। जवान को मलबे से बाहर निकालने के लिए तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। पुलिस, आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम ने मलबा हटाकर जवान तक पहुंचने का प्रयास शुरू किया।
काफी मशक्कत के बाद रेस्क्यू टीम ने मलबे में दबे जवान आदिल को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। इसके बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। जवान की स्थिति के संबंध में फिलहाल विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।
अचानक हुए हादसे से कॉलेज परिसर में मौजूद पीएसी जवानों में भी हलचल मच गई। पुलिस अधिकारियों ने मौके पर रहकर राहत और बचाव अभियान की निगरानी की। शौचालय का हिस्सा किन परिस्थितियों में अचानक ढहा, इसकी जानकारी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।
एसपी देहात अभय प्रताप सिंह ने बताया कि आपदा राहत दल और एसडीआरएफ की टीम के साथ रेस्क्यू अभियान चलाकर मलबे में दबे पीएसी जवान आदिल को बाहर निकाल लिया गया है। उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।




