उत्तराखंड के नैनीताल जिले में शनिवार देर शाम बड़ा सड़क हादसा हो गया। भवाली से लौट रहे हरियाणा के पर्यटकों की स्कॉर्पियो भूमियाधार के पास अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में एक पर्यटक की मौत हो गई, जबकि चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के मुताबिक, हरियाणा से आए पर्यटक शनिवार को घूमने के लिए नैनीताल क्षेत्र में पहुंचे थे। शाम को घूमने के बाद सभी स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान भूमियाधार के पास वाहन अचानक अनियंत्रित हो गया और सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरा। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें मौके पर पहुंचीं और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। अंधेरा और खाई की गहराई अधिक होने के कारण राहत एवं बचाव कार्य में काफी मुश्किलें आईं। करीब दो से तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद टीमों ने सभी घायलों और मृतक को खाई से बाहर निकाला। घायलों को उपचार के लिए भवाली अस्पताल भेजा गया।
एसपी डॉ. जगदीश चंद्र ने बताया कि हादसे में हरियाणा निवासी एक व्यक्ति की मौत हुई है, जबकि चार लोग घायल हुए हैं। घायलों में एक व्यक्ति बातचीत कर रहा है, लेकिन फिलहाल घटना के संबंध में जानकारी देने की स्थिति में नहीं है। पुलिस मृतक की पहचान की पुष्टि करने में जुटी हुई है।


