उत्तराखंड में मंगलवार को मौसम का मिजाज बदलने की संभावना है। मौसम विज्ञान केंद्र के पूर्वानुमान के अनुसार, राज्य के पर्वतीय जिलों के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हो सकती है। वहीं, 4000 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग ने प्रदेश के विभिन्न हिस्सों में बिजली चमकने के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी और तूफान चलने का येलो अलर्ट जारी किया है। मौसम में इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।
पूर्वानुमान के मुताबिक, उत्तराखंड में 7 जून तक मौसम का यही रुख बना रह सकता है और बीच-बीच में बारिश तथा तेज हवाओं का दौर जारी रहने की संभावना है।


