रिश्तों की मर्यादा पर सवाल खड़े करने वाला मामला सामने आया है। कभी सास-दामाद तो कभी देवर-भाभी के बीच प्रेम संबंधों की खबरें सामने आती रही हैं। अब मामी और नाबालिग भांजे के रिश्ते ने भी लोगों को हैरान कर दिया है। दरअसल, दो बच्चों की मां ने अपने नाबालिग भांजे के साथ कथित तौर पर शादी रचा ली। मामले की जानकारी मिलने के बाद महिला के पति ने पुलिस से शिकायत कर कार्रवाई की मांग की है।
मामला उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के रुड़की का है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के पठानपुरा मोहल्ले में एक विवाहिता द्वारा अपने नाबालिग भांजे से शादी किए जाने की शिकायत सामने आई है। महिला के पति ने पुलिस को तहरीर देकर पूरे मामले की जानकारी दी है। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, दिल्ली के नांगलोई कॉलोनी निवासी अन्नू दो बच्चों की मां है। बताया जा रहा है कि महिला का पठानपुरा निवासी अपने नाबालिग भांजे सोनू के साथ कथित प्रेम प्रसंग चल रहा था। करीब दो दिन पहले दोनों ने शादी कर ली। शादी के बाद महिला अपने नाबालिग भांजे के साथ कहीं चली गई।
जब इस मामले की जानकारी महिला के पति को हुई तो उसने सिविल लाइंस कोतवाली पहुंचकर पुलिस को तहरीर दी। पति ने पुलिस से महिला और नाबालिग के संबंध में कार्रवाई करने की मांग की है। पुलिस अब महिला और नाबालिग की तलाश करने के साथ ही पूरे मामले की परिस्थितियों की जांच कर रही है। सिविल लाइंस कोतवाली के एसएसआई धर्मेंद्र राठी ने बताया कि महिला द्वारा अपने नाबालिग भांजे से शादी किए जाने की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।


