उत्तराखंड में बारावफात के जुलूस के दौरान दिए गए कथित भड़काऊ बयान मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। त्रिशूल चौक पर आयोजित सभा में मदरसों को लेकर दिए गए बयान के मामले में पुलिस ने मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया है। बुधवार को रुद्रपुर में बारावफात का जुलूस निकाला गया था। जुलूस के दौरान त्रिशूल चौक पर सभा आयोजित की गई थी।
गुरुवार को सभा में दिए गए भाषण का एक वीडियो इंटरनेट मीडिया पर सामने आया। वीडियो में रामपुर के दड़ियाल टांडा निवासी मुफ्ती मुजीब मदरसों को लेकर अपनी बात रखते नजर आए। उन्होंने कहा कि मदरसों में लोगों को तालीम दी जाती है और किसी पर जुल्म-ज्यादती या चोरी न करने की सीख दी जाती है।
वीडियो में मुफ्ती मुजीब मदरसों को बंद किए जाने की स्थिति में परिणाम भुगतने की चेतावनी देते हुए भी दिखाई दे रहे हैं। इसके अलावा उन्होंने ईदगाह की भूमि वापस करने की मांग भी उठाई।
वीडियो प्रसारित होने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लेते हुए कार्रवाई की और मुफ्ती मुजीब को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और सभा के दौरान दिए गए बयान तथा वायरल वीडियो की भी पड़ताल की जा रही है।


