उत्तराखंड के मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन ने नैनीताल जनपद के कैंचीधाम क्षेत्र में लगने वाले जाम की समस्या के स्थायी समाधान के लिए भवाली-रातिघाट बाईपास, भवाली बाईपास और कैंचीधाम मंदिर क्षेत्र में चल रहे निर्माण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि भवाली-रातिघाट बाईपास को पर्यटन सीजन से पहले चालू किया जाए, ताकि श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जाम से राहत मिल सके। जब तक स्थायी पुल का निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक अस्थायी व्यवस्था के तहत यातायात सुचारू करने के निर्देश भी दिए गए।
मुख्य सचिव ने कहा कि कैंचीधाम में बढ़ती श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए बेहतर यातायात और सुविधाएं उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने पार्किंग, ट्रैफिक मैनेजमेंट और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि भवाली-रातिघाट बाईपास का एक हिस्सा तैयार हो चुका है, जबकि शेष कार्य तेजी से जारी है। साथ ही, कैंचीधाम में पार्किंग, मेडिटेशन सेंटर और सौंदर्यीकरण कार्य भी प्रगति पर हैं।
मुख्य सचिव ने नैनीताल मालरोड में भू-धसाव रोकने के कार्यों का भी जायजा लिया और संबंधित विभागों को समयबद्ध और गुणवत्ता के साथ कार्य पूरा करने के निर्देश दिए।
इस दौरान मुख्य सचिव ने कैंचीधाम पहुंचकर बाबा नीम करौरी के दर्शन भी किए और प्रदेश की सुख-शांति की कामना की।


