हल्द्वानी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के उपलक्ष्य में चल रहे सेवा संकल्प अभियान के तहत विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों में ‘आंगन का मिलन सम्मेलन’ आयोजित किए गए। कार्यक्रम में गर्भवती महिलाओं, लाभार्थियों और अभिभावकों को केंद्र एवं राज्य सरकार की मातृ एवं बाल कल्याण से जुड़ी योजनाओं की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना, मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट योजना, नंदा गौरा योजना और मुख्यमंत्री वात्सल्य योजना सहित अन्य योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया गया। महिलाओं को योजनाओं का लाभ लेने की प्रक्रिया और पात्रता की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस दौरान आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों से संवाद कर उनके विचार सुने गए। साथ ही बच्चों को उपहार वितरित किए गए और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को शॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्र महिलाओं और बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण एवं सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
कार्यक्रम में भाजपा महिला मोर्चा नगर हल्द्वानी की अध्यक्ष गुंजन सदना, भाजपा नेता आसमा बेगम सहित आंगनबाड़ी कार्यकर्ता, सहायिकाएं, लाभार्थी महिलाएं और अभिभावक मौजूद रहे। वार्ड 26 नई बस्ती बनभूलपुरा तथा वार्ड 32 इंदिरा नगर पश्चिमी के विभिन्न आंगनबाड़ी केंद्रों की कार्यकर्ताओं और सहायिकाओं ने भी कार्यक्रम में सहभागिता की।


