हल्द्वानी नगर निगम की बैठक में 26 जनवरी गणतंत्र दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तय कर ली गई है। बुधवार को नगर निगम सभाकक्ष में महापौर गजराज सिंह बिष्ट की अध्यक्षता में हुई बैठक में सभी कार्यक्रमों का विस्तृत निर्धारण किया गया।
महापौर गजराज सिंह बिष्ट ने कहा कि इस वर्ष गणतंत्र दिवस समारोह को भव्य, अनुशासित और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया जाएगा। इसके लिए नगर निगम और प्रशासन पूरी तैयारी कर रहे हैं।
गणतंत्र दिवस कार्यक्रमों की शुरुआत सुबह 7 बजे रामलीला ग्राउंड से शहीद चौक तक प्रभातफेरी से होगी। इसके पश्चात महिला और पुरुष वर्ग के लिए ओपन क्रॉस कंट्री रेस आयोजित की जाएगी। सुबह 8:30 बजे शहीदों को माल्यार्पण किया जाएगा, जबकि 9:30 बजे राष्ट्रीय ध्वजारोहण संपन्न होगा। वहीं, 11:30 बजे एमबीपीजी कॉलेज हल्द्वानी में सार्वजनिक ध्वजारोहण किया जाएगा।
एमबीपीजी कॉलेज परिसर में मार्च पास्ट, सलामी तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों का भी आयोजन किया जाएगा। बैठक में पूर्व पालिका अध्यक्ष हेमंत सिंह बगड़वाल, एन.बी. गुणवंत, गणेश भट्ट, आई.पी. पंत, डॉ. मनोज कांडपाल, सहायक अभियंता नवल नौटियाल सहित अन्य पार्षद उपस्थित रहे।


