उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। पहाड़ी इलाकों में आए दिन होने वाले हादसों में लोगों की जान जा रही है। इसी कड़ी में देहरादून जिले के त्यूणी क्षेत्र में चकराता मोटर मार्ग पर चिल्लाड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां एक फोर्ड फ्रीस्टाइल कार अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए।
हादसे की सूचना मिलते ही थाना त्यूणी पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची और राहत-बचाव अभियान शुरू किया। गहरी और दुर्गम खाई होने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी मशक्कत करनी पड़ी। एसडीआरएफ के जवानों ने सावधानीपूर्वक खाई में उतरकर दुर्घटनाग्रस्त वाहन तक पहुंच बनाई। इसके बाद वाहन के पास फंसे दोनों घायलों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान मृतक का शव भी खाई से बाहर निकाला गया। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के लिए सीएचसी त्यूणी भेजा गया, जबकि शव को आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया।
एसडीआरएफ के कांस्टेबल नवीन सिंह के अनुसार, एसडीआरएफ पोस्ट त्यूणी को सूचना मिली थी कि चिल्लाड़ के पास एक वाहन दुर्घटनाग्रस्त होकर गहरी खाई में गिर गया है। मौके पर पहुंचने पर UP37P6641 नंबर की फोर्ड फ्रीस्टाइल कार करीब 300 मीटर नीचे खाई में मिली। वाहन में कुल तीन लोग सवार थे। इनमें एक की मौके पर मौत हो चुकी थी, जबकि दो लोग घायल अवस्था में वाहन के पास फंसे हुए थे।
हादसे में जान गंवाने वाले व्यक्ति की पहचान 39 वर्षीय दुर्गेश चौधरी, निवासी फतापुर, हापुड़ (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वहीं घायलों में 27 वर्षीय सुनील मंडल, निवासी महावीर एन्क्लेव, दिल्ली और ऋषभ, निवासी देहरादून शामिल हैं। थाना प्रभारी त्यूणी कुलदीप शाह ने बताया कि चिल्लाड़ राजस्व क्षेत्र के अंतर्गत फोर्ड फ्रीस्टाइल कार सड़क से करीब 300 मीटर नीचे गहरी खाई में गिरकर दुर्घटनाग्रस्त हुई है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है।


