उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में रविवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। मोहब्बेवाला ढाल के पास सीमेंट से भरा एक ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। हादसे के दौरान ट्रक की चपेट में आने से एक बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया। दुर्घटना के बाद हाईवे पर लंबा जाम लग गया।
जानकारी के अनुसार, सीमेंट से लदा ट्रक आशारोड़ी की ओर से देहरादून की तरफ आ रहा था। मोहब्बेवाला ढाल पर अचानक ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर पलट गया। इसी दौरान वहां से गुजर रहा बाइक सवार ट्रक की चपेट में आ गया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति घायल हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पटेलनगर कोतवाली और क्लेमेनटाउन पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल पर यातायात व्यवस्था संभालने के साथ ही राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। सड़क पर पलटे ट्रक को क्रेन की मदद से हटाने का काम किया जा रहा है।
हादसे के कारण मुख्य हाईवे पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पुलिस यातायात को सुचारु कराने में जुटी हुई है।


