उत्तराखंड में विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया पूरी होने के बाद निर्वाचन विभाग ने अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने प्रेस वार्ता में अंतिम सूची के आंकड़े साझा किए। पुनरीक्षण के दौरान प्रदेश की मतदाता सूची में बड़े स्तर पर बदलाव हुआ है। 9,31,685 नाम हटाए गए, जबकि 1,29,872 नए मतदाताओं को सूची में शामिल किया गया है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी के मुताबिक उत्तराखंड में SIR की शुरुआत 8 जून को हुई थी। उस समय प्रदेश की मतदाता सूची में करीब 79 लाख मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची प्रकाशित की गई, जिसमें मतदाताओं की संख्या घटकर 71,33,785 रह गई थी।
दावे-आपत्तियों और सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद अब अंतिम सूची में 71,58,949 मतदाता दर्ज किए गए हैं। यानी ड्राफ्ट सूची के मुकाबले अंतिम मतदाता सूची में 25,164 मतदाताओं की वृद्धि हुई है।
निर्वाचन विभाग ने SIR के दौरान मतदाता सूची में दर्ज नामों का सत्यापन करने के साथ पात्र नए मतदाताओं को जोड़ने की प्रक्रिया भी पूरी की। अंतिम सूची जारी होने के बाद अब प्रदेश में मतदाताओं की वास्तविक संख्या का नया आंकड़ा सामने आ गया है। विभाग के अनुसार पात्र लोगों को मतदाता सूची में शामिल करने के लिए आगे भी विशेष अभियान चलाया जाएगा, ताकि कोई भी योग्य नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।


