उत्तराखंड में जिला सहकारी बैंक (डीसीबी) अल्मोड़ा के चुनाव के साथ ही प्रदेश की सभी 10 जिला सहकारी बैंकों में बोर्ड का गठन पूरा हो गया है। राज्य में पहली बार ऐसा हुआ है, जब सभी 10 डीसीबी में अध्यक्ष, उपाध्यक्ष और निदेशकों का चुनाव निर्विरोध हुआ है।
अल्मोड़ा डीसीबी के चुनाव संपन्न हुए। इसमें मिली लटवाल को अध्यक्ष और भावना जोशी को उपाध्यक्ष चुना गया। इसके साथ ही शीर्ष सहकारी संस्थाओं के लिए भेजे जाने वाले प्रतिनिधियों का भी निर्वाचन किया गया।
उत्तराखंड में कुल 10 जिला सहकारी बैंक हैं। इनमें छह डीसीबी गढ़वाल मंडल और चार कुमाऊं मंडल में स्थित हैं। अल्मोड़ा डीसीबी का चुनाव होने के साथ ही सभी बैंकों की चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गई।
इस बार सहकारी संस्थाओं के चुनाव में पहली बार महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण लागू किया गया। इसके तहत प्रदेश की 10 डीसीबी में से तीन में महिलाओं को अध्यक्ष या अन्य प्रमुख पदों पर प्रतिनिधित्व मिला है।
सहकारिता मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने सभी डीसीबी में निर्विरोध बोर्ड बनने पर नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि निर्विरोध निर्वाचन आपसी समन्वय, विश्वास और संगठनात्मक एकजुटता को दर्शाता है।


