उत्तराखंड में मानसून की सक्रियता के बीच मौसम का मिजाज बदला हुआ है। पर्वतीय क्षेत्रों से लेकर मैदानी इलाकों तक आसमान में बादल छाए हुए हैं और कई स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी है। हालांकि, बीते दिनों की तुलना में फिलहाल भारी बारिश से कुछ राहत मिली है।
मौसम विभाग ने मंगलवार को प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना जताई है। वहीं, देहरादून, पिथौरागढ़, नैनीताल और बागेश्वर में कहीं-कहीं भारी बारिश की आशंका को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
इन जिलों के अलावा पर्वतीय क्षेत्रों और ऊधमसिंह नगर में भी कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम खराब होने के दौरान सावधानी बरतने की अपील की है।
बुधवार से एक बार फिर पर्वतीय जिलों में मौसम के करवट लेने के आसार हैं। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं गरज के साथ आकाशीय बिजली चमकने और बारिश के तेज से अति तेज दौर देखने को मिल सकते हैं। ऐसे में संवेदनशील क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।


