उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। उसका शव रस्सी के सहारे लोहे के पुल पर लटका मिला है। इससे परिजनों में कोहराम मच गया है। पुलिस ने शव को फंदे से उतारकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
यह घटना राजधानी देहरादून के रायपुर क्षेत्र की है। सूचना मिलने पर मालदेवता चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा और घटनास्थल पर फील्ड यूनिट की टीम को बुलाकर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। जांच के दौरान पुलिस को मौके पर एक स्कूटी भी खड़ी मिली। पुलिस की जांच में स्कूटी युवक के एक रिश्तेदार की होना सामने आया।
पुलिस ने युवक की पहचान कर ली है। मृतक मूल रूप से देहरादून के रानीपोखरी का रहने वाला था और वर्तमान में बालावाला, देहरादून में रह रहा था। परिजनों ने भी शव की शिनाख्त कर ली है। पुलिस के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में युवक के शरीर पर चोट या संघर्ष के कोई स्पष्ट निशान नहीं मिले हैं। हालांकि, युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसे लेकर पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में भिजवा दिया है। पंचायतनामा भरने के साथ ही शव का पोस्टमार्टम कराने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।


