उत्तराखंड में मौसम एक बार फिर करवट ले सकता है। मौसम विभाग ने सोमवार को प्रदेश के आठ पर्वतीय जिलों में हल्की वर्षा, आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना जताते हुए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय क्षेत्रों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की बारिश हो सकती है। इस दौरान गरज-चमक के साथ आकाशीय बिजली चमकने की भी आशंका है। अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में मौसम का असर देखने को मिल सकता है।
इन जिलों में कुछ स्थानों पर 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चलने का अनुमान है। वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में मौसम शुष्क रहने की संभावना है।
मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों के लोगों को आकाशीय बिजली और तेज हवाओं के दौरान सतर्क रहने की सलाह दी है। खासकर खुले स्थानों पर जाने से बचने और खराब मौसम के दौरान सावधानी बरतने की अपील की गई है।




