उत्तराखंड में मानसून के बाद अब बारिश का एक और दौर शुरू हो गया है। मौसम में आए बदलाव के बीच आने वाले दिनों में पर्वतीय जिलों में बारिश तेज होने की संभावना है। इसके चलते तापमान में गिरावट आएगी और मैदानी क्षेत्रों में भी ठंड का असर बढ़ सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार प्रदेश में 12 अक्तूबर तक कई स्थानों पर बारिश का दौर जारी रह सकता है। पहाड़ी इलाकों में बारिश अपेक्षाकृत अधिक होने की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम का असर ज्यादा दिखाई देगा और यहां तापमान में तेजी से गिरावट आ सकती है।
मौसम विभाग ने सात अक्तूबर के लिए देहरादून, अल्मोड़ा, चंपावत, नैनीताल, टिहरी, पौड़ी, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर के कुछ हिस्सों में येलो अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
वहीं, पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के साथ 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी होने का अनुमान है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी और बारिश का असर निचले इलाकों के तापमान पर भी पड़ सकता है।
मौसम में इस बदलाव के चलते अक्तूबर में ही ठंड का असर बढ़ने के आसार हैं। आने वाले दिनों में सुबह और शाम के समय तापमान में गिरावट के साथ लोगों को सर्दी का अहसास ज्यादा होने लगेगा।



