उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) की कार्रवाई में पौड़ी जेल में बंद कुख्यात गैंगस्टर सुनील राठी के दो शूटरों की गिरफ्तारी के बाद एक नया खुलासा हुआ है। पूछताछ में हरिद्वार के एक विवादित प्रॉपर्टी डीलर से उनके संबंध सामने आए हैं। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि डीलर की राठी से नजदीकियां थीं और वह लगातार उसके संपर्क में था। अब यह प्रॉपर्टी डीलर भी एसटीएफ के रडार पर आ गया है और जल्द ही उसके खिलाफ कार्रवाई हो सकती है।
एसटीएफ के अनुसार, बृहस्पतिवार देर रात भानू चौधरी निवासी मील्स न्यू कॉलोनी, थाना सदर सहारनपुर और पारस निवासी प्रेमपुरी, थाना कोतवाली मुजफ्फरनगर को गिरफ्तार किया गया। दोनों के पास से दो अवैध पिस्तौल, कारतूस और एक कार बरामद हुई। जांच में सामने आया कि पारस पहले मुख्तार अंसारी और संजीव जीवा गैंग का प्रमुख शूटर रह चुका है।
दोनों गैंगस्टरों की मौत के बाद पारस सुनील राठी गैंग से जुड़ गया था। आरोप है कि वह राठी के इशारे पर हरिद्वार और देहरादून की बेशकीमती व विवादित जमीनों में दखल देकर उगाही करता था और लगातार राठी के संपर्क में रहता था।
पूछताछ में हरिद्वार के एक चर्चित प्रॉपर्टी डीलर का नाम भी सामने आया है, जो पहले एक चर्चित हत्याकांड में जेल जा चुका है। अदालत से सजा मिलने के बाद फिलहाल वह जमानत पर बाहर है। बताया जा रहा है कि उसकी राठी से नजदीकियां हरिद्वार जेल में बंद रहने के दौरान से ही थीं। रंगदारी के एक मामले में भी उस पर पहले कार्रवाई हो चुकी है।
अब एक बार फिर सुनील राठी से उसके संबंध उजागर होने के बाद स्थानीय पुलिस और खुफिया एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। एसटीएफ ने भी डीलर को अपने रडार पर ले लिया है और आगे की जांच जारी है।


