उत्तराखंड के एक निजी विश्वविद्यालय में उस समय हंगामा हो गया जब प्रस्तावित फेस्ट की अनुमति रद्द कर दी गई। अनुमति निरस्त होने से नाराज छात्र बड़ी संख्या में कॉलेज परिसर के बाहर जमा हो गए, जिससे सड़क पर भारी जाम लग गया और यातायात बाधित हो गया। मामला राजधानी दून के प्रेमनगर क्षेत्र का है।
स्थिति बिगड़ने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छात्रों को समझाने का प्रयास किया। इस दौरान कुछ छात्रों और पुलिस के बीच नोकझोंक हो गई, जिसके बाद माहौल और ज्यादा तनावपूर्ण हो गया। हालात काबू से बाहर होते देख पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए हल्का बल प्रयोग किया और लाठीचार्ज कर दिया।
घटना के बाद छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गए, जिससे मामला और गरमा गया। बढ़ते विवाद को देखते हुए एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने तुरंत संज्ञान लिया और पूरे प्रकरण की विभागीय जांच के आदेश दिए। साथ ही शुरुआती कार्रवाई में दो पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, जांच के बाद जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। फिलहाल विश्वविद्यालय परिसर और आसपास के इलाके में स्थिति नियंत्रण में है, लेकिन एहतियात के तौर पर पुलिस बल तैनात किया गया है।
एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गई है और मामले की जांच जारी है।


