उत्तराखंड में अपराध और संदिग्ध गतिविधियों पर लगाम लगाने के लिए पुलिस द्वारा “ऑपरेशन प्रहार” चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत राजधानी देहरादून के विकासनगर क्षेत्र में एक स्पा सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की गई। जांच के दौरान पाया गया कि स्पा सेंटर में बिना सत्यापन के बाहरी राज्यों की महिलाओं को काम पर रखा गया था। इस पर पुलिस ने स्पा संचालक के खिलाफ पुलिस अधिनियम के तहत चालान करते हुए सेंटर को बंद करवा दिया।
साथ ही, बिना सत्यापन काम कर रही 7 महिलाओं को धारा 172 बीएनएस के तहत हिरासत में लेकर थाने लाया गया। पूछताछ के बाद उनके खिलाफ भी पुलिस अधिनियम के अंतर्गत कार्रवाई की गई।
दरअसल, देहरादून जिले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक प्रमेंद्र डोबाल के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” के तहत व्यापक सत्यापन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के अंतर्गत होटल, ढाबे, स्पा सेंटर, अपार्टमेंट, फड़ और फेरी आदि में काम करने वाले सभी लोगों का सत्यापन अनिवार्य किया गया है।
इसी क्रम में 5 अप्रैल को विकासनगर कोतवाली पुलिस ने बाजार क्षेत्र में संचालित दो स्पा सेंटरों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान कई अनियमितताएं सामने आईं और 7 महिलाएं बिना सत्यापन के काम करती हुई पाई गईं। ये सभी महिलाएं बाहरी राज्यों से आई थीं।
वरिष्ठ उप निरीक्षक शिशुपाल राणा के अनुसार, सभी महिलाओं को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और बाद में पुलिस अधिनियम की धारा 81 के तहत चालानी कार्रवाई की गई। वहीं, स्पा संचालकों के खिलाफ धारा 83 के तहत कार्रवाई करते हुए सेंटर बंद करा दिए गए। पुलिस का सत्यापन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।


