उत्तराखंड में मौसम का मिजाज लगातार बिगड़ा हुआ है। प्रदेश के कई हिस्सों में हो रही भारी बारिश के चलते लोगों में दहशत का माहौल है। इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र ने 30 जुलाई को राज्य के चार जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार को बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश होने की संभावना है। इन जिलों में बारिश के तीव्र से अति तीव्र दौर भी देखने को मिल सकते हैं। मौसम की स्थिति को देखते हुए चारों जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
वहीं, बागेश्वर जिले में मौसम विभाग की ओर से 30 जुलाई के लिए जारी ऑरेंज अलर्ट को देखते हुए जिला प्रशासन ने एहतियाती कदम उठाया है। प्रशासन ने जिले के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी विद्यालयों के साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित कर दिया है। प्रशासन ने मौसम की गंभीर स्थिति को देखते हुए लोगों से सतर्क रहने और अनावश्यक रूप से संवेदनशील क्षेत्रों में जाने से बचने की अपील की है।


