उत्तराखंड में मानसून के चलते मौसम का मिजाज लगातार बदला हुआ है। मौसम विज्ञान केंद्र ने 15 अगस्त को प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिले के कुछ हिस्सों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना को देखते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
इसके अलावा देहरादून, हरिद्वार, टिहरी, पौड़ी, चमोली, उत्तरकाशी, नैनीताल और चंपावत के कुछ इलाकों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार इन क्षेत्रों में बारिश के साथ गरज-चमक और आकाशीय बिजली की भी संभावना बनी हुई है।
मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में भी प्रदेश में बारिश का दौर जारी रहेगा। 20 अगस्त तक उत्तराखंड के अधिकांश हिस्सों में मौसम का मिजाज इसी तरह बना रहने की संभावना है। लगातार बारिश के कारण पर्वतीय क्षेत्रों में भूस्खलन, सड़कें बाधित होने और नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने की आशंका है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम की स्थिति को देखते हुए यात्रा करने की सलाह दी गई है।


