उत्तराखंड में एक बार फिर खौफनाक वारदात सामने आई है। अस्पताल परिसर में शुक्रवार सुबह मोबाइल कारोबारी की चाकू से गोदकर निर्मम हत्या कर दी गई। इस वारदात से अस्पताल परिसर में अफरा-तफरी मच गई। हमले में कारोबारी का छोटा भाई और दुकान का कर्मचारी भी घायल हो गए। वारदात को अंजाम देने के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है।
यह वारदात रुद्रपुर जिला की है। जानकारी के अनुसार, जगतपुरा निवासी मोबाइल कारोबारी नितेश जोहरी (36) पुत्र कमलेश जोहरी घर में ही मोबाइल की दुकान चलाते थे। बताया जा रहा है कि करीब एक सप्ताह पहले उनका पड़ोस में मोबाइल की दुकान चलाने वाले व्यक्ति से विवाद हुआ था। इस दौरान उन्हें जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। नितेश ने इस संबंध में पुलिस को शिकायत देकर तहरीर भी सौंपी थी।
बताया गया कि शुक्रवार सुबह दुकान पर काम करने वाले कर्मचारी कशिश के साथ पहले मारपीट की गई। मारपीट में उसका सिर फट गया, जिसके बाद उसे उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया। इसी दौरान पीछे से चार लोग अस्पताल पहुंचे और नितेश व वहां मौजूद अन्य लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। हमलावरों ने नितेश के सीने पर चाकू से वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
इस हमले में नितेश का छोटा भाई दिनेश और दुकान का कर्मचारी कमल भी घायल हो गए। वारदात के बाद चारों हमलावर मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जानकारी जुटाई। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।नितेश जोहरी की मौत से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। वह अपने पीछे पत्नी पार्वती देवी और पुत्री लक्षिता को छोड़ गए हैं। घटना के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।



