उत्तराखंड में इन दिनों भीषण गर्मी से लोग बेहाल हैं और मौसम ने पूरे प्रदेश में अपना असर दिखाना शुरू कर दिया है। मैदानी इलाकों के साथ-साथ पहाड़ी क्षेत्रों में भी गर्म हवाओं के कारण जनजीवन प्रभावित हो रहा है। लगातार बढ़ते तापमान से लोगों की परेशानी और बढ़ गई है।
इसी बीच मौसम विज्ञान केंद्र की ओर से राहत और सतर्कता दोनों को लेकर पूर्वानुमान जारी किया गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 22 मई को देहरादून, उत्तरकाशी, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। इन क्षेत्रों में बिजली चमकने के साथ-साथ 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई गई है। इसको देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है।
विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और खराब मौसम के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है, ताकि किसी भी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।


