नैनीताल दुग्ध उत्पादक सहकारी संघ लिमिटेड की ओर से दीपावली से पहले बिंदुखत्ता क्षेत्र की छह दुग्ध समितियों के उत्पादकों को 32 लाख रुपये का बोनस वितरित किया गया। करीब चार करोड़ रुपये के दूध की खरीद के आधार पर बोनस मिलने से दुग्ध उत्पादकों में खुशी की लहर है। कार्यक्रम में दुग्ध उत्पादक महिलाओं सहित बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस दौरान संघ के अध्यक्ष मुकेश बोरा का माल्यार्पण कर और पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया।
दुग्ध संघ अध्यक्ष मुकेश बोरा ने कहा कि संघ दुग्ध उत्पादकों के हितों के संरक्षण और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है। उत्पादकों को उनकी मेहनत का उचित लाभ दिलाना और सहकारिता के माध्यम से दुग्ध व्यवसाय को बढ़ावा देना संघ की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि दुग्ध उत्पादक ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और इस व्यवसाय में महिलाओं का योगदान भी सराहनीय है। उनके परिश्रम और समर्पण से दुग्ध व्यवसाय निरंतर आगे बढ़ रहा है।
बोरा ने कहा कि दीपावली से पहले बोनस वितरण उत्पादकों की मेहनत का सम्मान करने और उनके परिवारों की खुशियों में सहभागी बनने का प्रयास है। संघ उत्पादकों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों के संरक्षण और दुग्ध व्यवसाय को प्रोत्साहित करने के लिए लगातार प्रयास कर रहा है। उन्होंने उत्पादकों से सहकारी समितियों को मजबूत बनाने और दुग्ध व्यवसाय के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
बिंदुखत्ता क्षेत्र की शांतिनगर प्रथम, शांतिनगर द्वितीय, बोरिंगपट्टा, टूटी पुलिया, हनुमान नगर और नारायण नगर दुग्ध समितियों के उत्पादकों को बोनस वितरित किया गया। बोनस मिलने पर उत्पादकों ने प्रसन्नता जताते हुए दुग्ध संघ के प्रयासों की सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन यातायात प्रभारी पूरन मिश्रा और मार्ग प्रभारी राजेंद्र प्रसाद ने किया। इस दौरान संचालक मंडल सदस्य गोविंद मेहता, प्रगतिशील दुग्ध उत्पादक उमेश भट्ट, निर्मला भट्ट, नवीन पपोला, ममता रावत, राम सिंह पपोला, गोपाल दत्त पाठक, जगदीश पंत, सोनू पांडे, पूरन बोरा, इंद्रा बम, नारायण शर्मा, मनीष बोरा, केदार दानू, मंजू बिष्ट, खष्टी बिष्ट, कमलेश पांडे, सुरेश जोशी, भुवन जोशी, दुग्ध संघ के पीएंडआई प्रभारी सुभाष बाबू, एफओ प्रभारी शांति कोरंगा और मोहन चंद्र जोशी सहित बड़ी संख्या में दुग्ध उत्पादक एवं क्षेत्र के गणमान्य लोग मौजूद रहे।



