उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। बीते दिन से प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश और कई स्थानों पर भारी बारिश का सिलसिला जारी है, जिसके चलते तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। मौसम के इस बदले मिज़ाज से ठंड में इज़ाफा हुआ है और जनजीवन भी प्रभावित हुआ है।
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक सीएस तोमर ने बताया कि 24 जनवरी को पश्चिमी विक्षोभ का असर कमजोर पड़ जाएगा, हालांकि इस दौरान प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना बनी रहेगी। वहीं मैदानी क्षेत्रों में मौसम शुष्क रहने की उम्मीद है। उन्होंने आगे बताया कि 25 और 26 जनवरी को एक बार फिर पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होने की संभावना है, जिससे प्रदेश में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।
उधर बारिश और बर्फबारी के बीच बिजली आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए यूपीसीएल प्रबंधन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। प्रबंधन ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि प्रदेशभर में 24 घंटे निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित की जाए। इसी क्रम में यूपीसीएल की ओर से एक हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया गया है, ताकि उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी न हो।


