उत्तराखंड में लगातार बदल रहे मौसम के बीच भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 29 और 30 जुलाई के लिए कई जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग की चेतावनी के बाद शासन, जिला प्रशासन और आपदा प्रबंधन विभाग को अलर्ट पर रखा गया है।
मौसम विभाग के अनुसार 29 जुलाई को देहरादून, टिहरी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, नैनीताल, चंपावत और ऊधम सिंह नगर के कुछ क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बारिश की संभावना है। साथ ही गरज-चमक और आकाशीय बिजली गिरने की भी चेतावनी जारी की गई है।
वहीं, 30 जुलाई को बागेश्वर, चंपावत और पिथौरागढ़ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इसके अलावा उत्तरकाशी, देहरादून, पौड़ी, टिहरी और नैनीताल में भी भारी बारिश होने की संभावना है।
भारी बारिश के अलर्ट को देखते हुए बागेश्वर, चंपावत और टिहरी जिला प्रशासन ने 29 जुलाई को कक्षा 1 से 12 तक के सभी सरकारी, अशासकीय और निजी स्कूलों के साथ-साथ आंगनबाड़ी केंद्रों में अवकाश घोषित किया है।
उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (USDMA) ने सभी जिला प्रशासन को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम विभाग की सलाह का पालन करने की अपील की गई है।


