उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। रविवार सुबह रामनगर-रानीखेत मार्ग पर कुमेरिया और सौराल के बीच एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। यहां एक डंपर अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे पहाड़ी की ओर जा गिरा और पेड़ से जा टकराया। हादसे में डंपर चालक वाहन और पेड़ के बीच बुरी तरह फंस गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम घटनास्थल पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान शुरू कराया।
हादसा इतना भीषण था कि चालक को बाहर निकालने के लिए रेस्क्यू टीम को कटर मंगवाना पड़ा। वाहन को काटकर चालक के शव को बाहर निकालने की कार्रवाई की गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
भतरौजखान थाने के एसओ अवनीश कुमार ने बताया कि रविवार सुबह हादसे की सूचना पुलिस को मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और रेस्क्यू अभियान चलाकर चालक का शव बरामद किया गया। मृतक की पहचान जसवंत सिंह पुत्र गोपाल सिंह, निवासी गजार, तहसील चौखुटिया, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा रही है।


