उत्तराखंड में सनसनीखेज घटना सामने आई है। 14 वर्षीय कक्षा नौ की छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। किशोरी का शव घर के अंदर मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है।
यह मामला रूद्रप्रयाग जिले के अगस्त्यमुनि विकासखंड के ग्राम कंडाली का है। जानकारी के अनुसार, किशोरी कक्षा नौ में पढ़ती थी और पढ़ाई के चलते कुछ समय से अपने नाना के घर ग्राम कंडाली में रह रही थी। ग्रामीणों के मुताबिक, किशोरी शांत स्वभाव की थी और पढ़ाई में काफी रुचि रखती थी। उसकी अचानक मौत की खबर से परिवार के साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।
बताया जा रहा है कि घटना के वक्त किशोरी घर में अकेली थी। बाद में परिजनों ने उसे घर के अंदर संदिग्ध हालत में देखा। इसके बाद उसे तुरंत अगस्त्यमुनि स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर कोतवाली रुद्रप्रयाग पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल मुकेश चौहान ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और परिजनों से पूछताछ की।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल रुद्रप्रयाग भेज दिया। कोतवाल मुकेश चौहान ने बताया कि किशोरी की मौत को लेकर सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। परिजनों और संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति और स्पष्ट हो सकेगी।


