उत्तराखंड लोक सेवा आयोग (UKPSC) ने प्रवक्ता भर्ती परीक्षा कार्यक्रम में बदलाव करते हुए दो विषयों की परीक्षाएं स्थगित कर दी हैं। आयोग ने स्पष्ट किया है कि इन परीक्षाओं की नई तिथि बाद में घोषित की जाएगी।
आयोग की ओर से जारी जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड विशेष अधीनस्थ शिक्षा प्रवक्ता संवर्ग (समूह-ग), सामान्य शाखा एवं महिला शाखा परीक्षा 2025 के तहत 9 मई को होने वाली भौतिक शास्त्र और 10 मई को प्रस्तावित नागरिक शास्त्र की परीक्षा अब निर्धारित समय पर नहीं कराई जाएगी।
परीक्षा नियंत्रक जयवर्धन शर्मा ने आदेश जारी करते हुए बताया कि दोनों परीक्षाएं अग्रिम आदेश तक स्थगित की गई हैं। इससे पहले इन परीक्षाओं को आयोग के हालिया परीक्षा कैलेंडर में शामिल किया गया था। आयोग ने अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें और नई परीक्षा तिथियों की जानकारी के लिए आधिकारिक सूचना का इंतजार करें।


